कुल पेज दृश्य

26 सितंबर 2009

डॉलर की मजबूती की खबर सुन पीला पड़ा सोना

नई दिल्ली : स्टॉकिस्टों की जोरदार बिकवाली के कारण शुक्रवार को सोने में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। डॉलर में उछाल आने की खबरों से वैश्विक बाजार में इस कीमती धातु को भारी नुकसान हुआ। इसका असर घरेलू बाजार में भी देखने को मिला। सोने की कीमतें 320 रुपए गिरकर 15,770 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गईं। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर में मजबूती आने की खबरों से शुक्रवार को वैश्विक बाजार में सोने में पिछले दो महीने की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। इससे घरेलू बाजार में भी सोने पर बिक्री का दबाव बना। अंतरराष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था को स्थिरता देने के लिए वैश्विक नेताओं की ओर से कदम उठाए जाने के संकेतों के कारण डॉलर की मांग में तेजी देखने को मिली। न्यूयॉर्क में सोना 1,020 डॉलर प्रति औंस से गिरकर 996।53 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। 17 सितंबर को सोना 1,024.28 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था। मार्च 2008 के बाद यह सोने की उच्चतम कीमत थी।
एक प्रमुख ज्वैलर राकेश आनंद का कहना है, 'विदेशी बाजारों से कमजोर संकेत मिलने के कारण घरेलू बुलियन मार्केट पर बुरा असर पड़ा। घरेलू बाजार आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय बाजार का अनुकरण करता है जो पहले से ही उच्चतम स्तर पर जाने के बाद मांग में गिरावट का सामना कर रहा है।' इस बीच चांदी तैयार में 550 रुपए की गिरावट आई और वह 25,850 रुपए प्रति किलो पर आ गई। साप्ताहिक डिलीवरी की चांदी में 805 रुपए की गिरावट आई और वह 26,140 रुपए प्रति किलो पर रही। रिकॉर्ड स्तर पर जाने के बाद चांदी के सिक्कों में 100 रुपए की गिरावट आई और खरीदारी वाले चांदी के सिक्के 31,700 रुपए तथा बिक्री वाले चांदी के सिक्के 31,800 रुपए प्रति 100 पर आ गए। स्टैंडर्ड गोल्ड और ऑर्नामेंट्स, दोनों में 320 रुपए की गिरावट आई और वे क्रमश: 15,770 रुपए और 15,620 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गए। सॉवरेन में 50 रुपए की गिरावट आई और वह 12,900 रुपए प्रति आठ ग्राम पर आ गया। ( ऐ टी हिन्दी)

कोई टिप्पणी नहीं: