कुल पेज दृश्य

19 नवंबर 2009

लोस में हंगामा, संसद की कार्यवाही स्थगित

नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन लोकसभा में गुरुवार को विपक्ष ने गन्ने के मूल्य को लेकर भारी हंगामा किया। इसके चलते सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद शुक्रवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई। उधर, दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद राज्यसभा भी कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में सुबह अध्यक्ष मीरा कुमार ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू करने की घोषणा की कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और रालोद प्रमुख अजित सिंह की अगुवाई में पार्टी सदस्य आसन के समक्ष आकर गन्ने के मूल्य के सवालों को लेकर नारेबाजी करने लगे।
ये सदस्य गन्ना किसानों की लूट बंद करो के नारे लगा रहे थे। उधर, भाजपा सहित राजग सदस्य भी अपने स्थानों पर खड़े होकर कुछ बोल रहे थे लेकिन शोर के कारण उनकी बात सुनी नहीं जा सकी। कई अन्य विपक्षी दलों के सदस्य भी अपने स्थानों पर खड़े हुए थे।
अध्यक्ष ने सदस्यों को शांत कराने का प्रयास करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर बाद में पूरी चर्चा कराई जा सकती है, लेकिन अभी प्रश्नकाल चलने दें।
हंगामा थमते न देख अध्यक्ष ने बैठक आधे घंटे बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। सदन की बैठक दोबारा शुरू होने पर भी यही नजारा था। सपा और रालोद के सदस्यों के साथ-साथ राजग के भी अनेक सदस्य अपने स्थानों से उठकर आसन के समक्ष आ गए।
अध्यक्ष ने शोर-शराबे के बीच ही जरूरी दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए और स्थिति शांत होते न देख बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ
इससे पूर्व आज सुबह सदन की बैठक शुरू होने पर फिरोजाबाद से कांग्रेस टिकट पर चुन कर आए राज बब्बर तथा दो मनोनीत एंग्लो इंडियन सदस्यों चा‌र्ल्स डायस तथा इंग्रीद मैक्लेयोड ने सदन की सदस्यता की शपथ ली।
उधर, राज्यसभा में कांग्रेस के पी कन्नन ने शपथ ली। कच्नन उच्च सदन में पांडिचेरी से चुन कर आए हैं।
दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि
उधर, राज्यसभा में वर्तमान सदस्य भाजपा के प्यारेलाल खंडेलवाल और जदयू के महेंद्र साहनी के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और सदन की बैठक को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।
सदन की कार्यवाही सुबह शुरू होने पर सभापति मोहम्मद हामिद अंसारी ने खंडेलवाल, साहनी तथा सदन के पूर्व सदस्य पी उपेन्द्र और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी के निधन पर उन्हें पूरे सदन की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंसारी ने कहा कि रेड्डी का दो सितंबर 2009 को 60 वर्ष की आयु में दुखद परिस्थितियों में निधन हुआ। उन्होंने रेड्डी को एक कुशल प्रशासक और योग्य नेता बताते हुए कहा कि वह लोकसभा के पूर्व सदस्य भी थे।
सभापति ने कहा कि खंडेलवाल का छह अक्टूबर को 80 साल की आयु में निधन हुआ। वह 1980 से 1986 तक और 2004 से निधन तक उच्च सदन के सदस्य थे। इसके अलावा वह लोकसभा के सदस्य भी रह चुके थे।
जनता दल [यू] के साहनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अंसारी ने कहा कि उनका निधन 69 वर्ष की आयु में छह नवंबर को हुआ। वह एक कुशल समाजसेवी थे और 2006 से उच्च सदन के सदस्य थे।
अंसारी ने कहा कि पी उपेन्द्र का 16 नवंबर को 73 वर्ष की आयु में निधन हुआ। वह 1984 से 1990 तथा 1990 से 1996 तक उच्च सदन के सदस्य रह चुके थे। इसके अलावा वह दो बार लोकसभा के सदस्य भी रहे थे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में कुछ मंत्रालयों की जिम्मा संभाला था।
इसके बाद सदस्यों ने दिवंगत सदस्यों और रेड्डी की याद में कुछ क्षणों का मौन रखा। दो वर्तमान सदस्यों के निधन के कारण बाद में बैठक को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।
लोकसभा में भी अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदन के नौ पूर्व सदस्यों के निधन का उल्लेख किया और सदन ने दिवंगत नेताओं को कुछ क्षण का मौन रखते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। (जागरण)

कोई टिप्पणी नहीं: