कुल पेज दृश्य

30 सितंबर 2010

बाढ़ से महंगी हो सकती है चीनी!

मुंबई September 28, 2010
घरेलू चीनी उद्योग में बदलाव की बयार बह रही है। देश के दूसरे सबसे बड़े चीनी उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आई बाढ़ और इससे उत्पादन में कमी की आशंका से चीनी की कीमतें बढ़ सकती हैं।? पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, मेरठ और बिजनौर जैसे जिलों में गन्ने के खेत पानी में डूबे हुए हैं। एशिया के सबसे बड़े गुड़ बाजार फेडरेशन ऑफ गुड़ ट्रेडर्स, मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष अरुण खंडेलवाल ने कहा, 'हालांकि जल स्तर अब घटने लगा है, लेकिन प्रमुख गन्ना उत्पादक जिलों में गन्ने की उपज एवं रिकवरी प्रभावित होने की आशंका है। मेरी नजर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गन्ना उत्पादन पिछले साल की तुलना में इस बार गन्ने की अधिक खेती के बावजूद कम रह सकता है।इस उद्योग के जानकारों का मानना है कि गन्ना पर बाढ़ के असर का सही आकलन 8-10 दिन बाद ही संभव होगा। उत्तर प्रदेश में चार चीनी मिलें चलाने वाली कंपनी धामपुर शुगर के अध्यक्ष (फाइनैंस) अरिहंत जैन ने कहा, 'कुछ प्रभाव तो निश्चित ही पड़ेगा, लेकिन फिलहाल इसकी मात्रा का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।दुनिया के सबसे बड़े उत्पादक ब्राजील में कम फसल की आशंका से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीनी की कीमतों में तेजी आ गई है। चीनी की कीमतें सात महीने के ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं जिससे भारत से निर्यात व्यवहार्य है। मवाना शुगर्स के प्रबंध निदेशक सुनील काकरिया ने कहा, 'ब्राजील में सूखे जैसे हालात की वजह से वैश्विक बाजार अगले साल अनुमान के मुताबिक नहीं रहेगा। विश्व अब भारतीय उत्पादन पर आंखे गड़ाए हुए है। अगर भारत 2.6-2.7 करोड़ टन का उत्पादन करता है तो वैश्विक कीमतों में नरमी आएगी। लेकिन अगर यह इसमें विफल रहता है और उत्पादन 2.5 करोड़ टन से नीचे रहता है तो वैश्विक तौर पर चीनी की कीमतें बढ़ जाएंगी।भारत से मजबूत निर्यात की संभावना बरकरार है। दुनिया की प्रमुख शुगर कंसल्टेंसी और ब्रोकरेज फर्म स्विटजरलैंड स्थित किंग्समैन के चेयरमैन जोनाथन किंग्समैन ने इस महीने के शुरू में कहा था कि अक्टूबर से शुरू हो रहे वर्ष में भारत 10 लाख टन चीनी का निर्यात कर सकता है। विश्लेषक उत्तर प्रदेश स्थित बजाज हिंदुस्तान और बलरामपुर चीनी जैसी कंपनियों के परिदृश्य पर सकारात्मक रुख देख रहे हैं, क्योंकि ये कंपनियां अक्टूबर में शुरू हो रहे नए सत्र में गन्ने के लिए कम कीमत चुका सकती हैं। (BS Hindi)

कोई टिप्पणी नहीं: