कुल पेज दृश्य

17 अगस्त 2015

खाद्यान्न उत्पादन घटकर 25.62 करोड़ टन होने का अनुमान


चौथे आरंभिक अनुमान में सरसों और चना उत्पादन में कमी आने का अनुमान
आर एस राणा
नई दिल्ली। फसल सीजन 2014-15 में देश में खाद्यान्न का उत्पादन घटकर 25.62 करोड़ टन होने का अनुमान है। रबी फसल की कटाई के समय उत्पादक राज्यों में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से दलहन की प्रमुख फसल चना के साथ ही रबी तिलहन की प्रमुख फसल सरसों को भी नुकसान हुआ था। अतः चौथे आरंभिक अनुमान में इनका उत्पादन तीसरे आरंभिक अनुमान के मुकाबले कम होगा। ऐसे में दलहन के साथ ही आयातित खाद्य तेलों पर निर्भरता और बढ़ जायेगी।
कृषि मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी चौथे आरंभिक अनुमान के अनुसार फसल सीजन 2014-15 में देश में खाद्यान्न का उत्पादन घटकर 25.62 करोड़ टन होने का अनुमान है जबकि पिछले साल देश में 26.50 करोड़ टन खाद्यान्न का रिकार्ड उत्पादन हुआ था। चौथे आरंभिक अनुमान के अनुसार चना का उत्पादन घटकर 71.7 लाख टन ही होने का अनुमान है जबकि तीसरे आरंभिक अनुमान में इसका उत्पादन 75.9 लाख टन होने का अनुमान था। फसल सीजन 2013-14 में देश में रिकार्ड 95.3 लाख टन चना की पैदावार हुई थी। दलहन की अन्य फसलों अरहर का उत्पादन 27.8 लाख टन होने का अनुमान है।
रबी तिलहन की प्रमुख फसल सरसों का उत्पादन चौथे आरंभिक अनुमान के अनुसार 63.1 लाख टन ही होने का अनुमान है जबकि तीसरे आरंभिक अनुमान के अनुसार सरसों का उत्पादन 67.57 लाख टन का अनुमान था। फसल सीजन 2013-14 में देश में सरसों की पैदावार 78.77 लाख टन की हुई थी। खरीफ तिलहन की प्रमुख फसल सोयाबीन का उत्पादन चौथे आरंभिक अनुमान के अनुसार 105.3 लाख टन होने का अनुमान है जबकि मूंगफली का उत्पादन 65.6 लाख टन होने का अनुमान है।
रबी की प्रमुख फसल गेहूं का उत्पादन फसल सीजन 2014-15 में 889.4 लाख टन होने का अनुमान है जबकि चावल का उत्पादन 10.48 करोड़ टन होने का अनुमान है।
मंत्रालय के चौथे आरंभिक अनुमान के अनुसार मोटे अनाजों का उत्पादन 417.5 लाख टन होने का अनुमान है। मोटे अनाजों में मक्का का उत्पादन 236.7 लाख टन होने का अनुमान है। चौथे आरंभिक अनुमान के अनुसार कपास का उत्पादन तीसरे आरंभिक अनुमान 353.28 लाख गांठ (एक गांठ-170 किलो) से बढ़कर 354.8 लाख गांठ होने का अनुमान है।........आर एस राणा 

कोई टिप्पणी नहीं: