कुल पेज दृश्य

23 अगस्त 2017

24 अगस्त 2017 का मॉनसून पूर्वानुमान

मॉनसून सीजन में देश में बारिश देने वाला प्रमुख मौसमी सिस्टम है मॉनसून की अक्षीय रेखा, जो इस समय अनूपगढ़, नारनौल, आगरा, सीधी, जमशेदपुर और दिघा होते हुए बंगाल की खाड़ी में बनी हुई है।
गुजरात के कच्छ और आसपास के हिस्सों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश पर एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दिखाई दे रहा है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी भागों में म्यामार के तटों पर भी एक चक्रवाती सिस्टम विकसित हो गया है।
पश्चिमी तटों पर बनी ट्रफ इस समय दक्षिणी कोंकण से केरल के तटीय हिस्सों तक सक्रिय है।
एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर आने वाला है। यह सिस्टम इस समय उत्तरी अफगानिस्तान पर दिखाई दे रहा है।
बीते 24 घंटों के दौरान मॉनसून सबसे अधिक प्रभावी रहा सौराष्ट्र और कच्छ के अलावा गुजरात के दक्षिणी भागों में। साथ ही उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी व्यापक मॉनसून की सक्रियता के बीच मध्यम से भारी बारिश हुई।
मंगलवार की सुबह 8:30 बजे से बीते 24 घंटों के दौरान प्रमुख वर्षा वाले स्थानों का ज़िक्र करें तो उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद में 79 मिलीमीटर बारिश हुई। वलसाड में 63, राजकोट में 57 और दीसा में 32 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
हरियाणा, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, कोंकण गोवा, तटीय कर्नाटक और दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश में मॉनसून सक्रिय रहा और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पूर्वोत्तर भारत, ओड़ीशा, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में मॉनसून विशेष रूप में सक्रिय नहीं रहा और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिली।
देश के बाकी हिस्सों में मॉनसून कमजोर रहा और एक-दो स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई।
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की अगले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक सक्रियता पंजाब के उत्तर-पूर्वी भागों, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य भागों तथा तटीय आंध्र प्रदेश में देखने को मिल सकता है। इन भागों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिणी कोंकण व गोवा, तटीय कर्नाटक, गंगीय पश्चिम बंगाल, हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मॉनसून सामान्य रूप से सक्रिय बना रह सकता है जिसके चलते इन भागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
दक्षिणी तमिलनाडु, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा जबकि देश के बाकी हिस्सों में हल्की वर्षा होने के आसार हैं।............www.skymet.com

कोई टिप्पणी नहीं: