कुल पेज दृश्य

30 सितंबर 2017

बाजरा की बुवाई बढ़ी, मक्का और ज्वार की घटी, भाव में तेजी नहीं

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू खरीफ में बाजरा की बुवाई में तो बढ़ोतरी हुई है, लेकिन मक्का के साथ ही ज्वार की बुवाई में कमी आई है। कृषि मंत्रालय के अनुसार बाजरा की बुवाई बढ़कर 71.82 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुवाई 70.38 लाख हैक्टेयर में ही हुई थी।
मक्का के साथ बाजरा की नई फसल की आवक उत्पादक मंडियों में चालू हो गई है, तथा चालू खरीफ में मक्का के साथ ही बाजरा का उत्पादन भी कम होने का अनुमान है, इसके बावजूद भी भाव में तेजी की संभावना नहीं है। हालांकि उत्पादक मंडियों में इनके भाव पहले ही नीचे के बने हुए हैं, इसलिए मौजूदा भाव में हल्की गिरावट तो आ सकती है लेकिन बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।
प्रमुख उत्पादक राज्यों में राजस्थान में बाजरा की बुवाई बढ़कर 43.66 लाख हैक्टेयर में हुई है जबकि पिछले साल इस समय राज्य में बाजरा की बुवाई केवल 39.33 लाख हैक्टेयर में ही हुई थी। उत्तर प्रदेश में बाजरा की बुवाई 9.05 लाख हैक्टेयर में, महाराष्ट्र में 6.80 लाख हैक्टेयर में, मध्य प्रदेश में 3.10 लाख हैक्टेयर में, कर्नाटका में 2.39 लाख हैक्टेयर में, हरियाणा में 4.29 लाख हैक्टेयर में तथा गुजरात में 1.54 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है।
मक्का की बुवाई चालू खरीफ में घटकर 80.58 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 83.92 लाख हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी। प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश में मक्का की बुवाई 13.17 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 12.63 लाख हैक्टेयर में ही बुवाई हो पाई थी। कर्नाटका में मक्का की बुवाई घटकर 11.29 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुवाई 12.83 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। अन्य राज्य में महाराष्ट्र में मक्का की बुवाई 9.14 लाख हैक्टेयर में, राजस्थान में 9.10 लाख हैक्टेयर में, उत्तर प्रदेश में 7.26 लाख हैक्टेयर में, तेलंगाना में 4.51 लाख हैक्टेयर में, बिहार में 4.10 लाख हैक्टेयर में और छत्तीसगढ़ में 2.26 लाख हैक्टेयर में और गुजरात में 3.07 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है।
ज्वार की बुवाई घटकर चालू खरीफ में 18.64 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुवाई 19.64 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। प्रमुख उत्पादक राज्यों राजस्थान में ज्वार की बुवाई 5.55 लाख हैक्टेयर में, महाराष्ट्र में 4.10 लाख हैक्टेयर में, मध्य प्रदेश में 2.70 लाख हैक्टेयर में और तमिलनाडु में 1.30 लाख हैक्टेयर में तथा उत्तर प्रदेश में 1.81 लाख हैक्टेयर में ही हुई है।...................   आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: