कुल पेज दृश्य

14 मार्च 2018

कपास उत्पादन अनुमान में 5 लाख गांठ की कमी आने की आशंका-सीएआई

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू फसल सीजन 2017-18 में कपास का उत्पादन घटकर 362 लाख गांठ (एक गांठ-170 किलोग्राम) ही होने का अनुमान है। कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएआई) ने पहले 367 लाख गांठ कपास के उत्पादन का अनुमान लगाया था।
सीएआई के अनुसार आंध्रप्रदेश के साथ ही कर्नाटका में कपास के उत्पादन में कमी आने का अनुमान है। आंध्रप्रदेश में पहले 21 लाख गांठ कपास के उत्पादन का अनुमान था, जबकि दूसरे अनुमान के अनुसार उत्पादन घटकर 19 लाख गांठ ही होने का अनुमान है। इसी तरह से कर्नाटका में उत्पादन 20 लाख गांठ से घटकर 18 लाख गांठ ही होने का अनुमान है। अन्य राज्यों में गुजरात में 105 लाख टन, महाराष्ट्र में 81 लाख गांठ, मध्य प्रदेश में 21 लाख गांठ, हरियाणा में 24 लाख गांठ, राजस्थान में 21 लाख गांठ, पंजाब में 11 लाख गांठ, तेलंगाना में 53 लाख गांठ और तमिलनाडु में 5 लाख गांठ कपास के उत्पादन का अनुमान है।
निर्यात बढ़ने की उम्मीद
चालू फसल सीजन में कपास का निर्यात 60 लाख गांठ होने का अनुमान है जबकि पहले आरंभिक अनुमान में 55 लाख गांठ कपास के निर्यात का अनुमान था। पिछले साल 63 लाख गांठ कपास का निर्यात हुआ था।
आयात में आयेगी कमी
कपास का आयात चालू सीजन में घटकर 20 लाख गांठ ही होने का अनुमान है जबकि पिछले फसल सीजन में 27 लाख गांठ कपास का आयात हुआ था।
भाव में सुधार आने की संभावना
उत्पादक राज्यों की मंडियों में फरवरी के आखिर तक कपास की आवक 247.10 लाख गांठ की हो चुकी है। महाराष्ट्र की मंडियों में कपास के भाव मंगलवार को 39,300 से 39,700 रुपये प्रति कैंडी (एक कैंडी-356 किलो) रहे। आगे निर्यातकों की मांग बढ़ने से इसके भाव में सुधार आने का अनुमान है। ......आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: